बेटी को स्कूल छोड़ लौट रहे थे घर
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। लाखु बस स्टैंड स्थित पटवार घर के पास फॉरच्यूनर कार और ऑटो की आमने-सामने हुई टक्कर में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गोपाल (45) पुत्र बनवारीलाल नायक, निवासी गुर्जर की ढाणी, अडूका के रूप में हुई है। वह ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मृतक के भतीजे अजीत सिंह पुत्र जगदीश प्रसाद, निवासी अडूका ने बताया कि शुक्रवार सुबह गोपाल अपनी पुत्री ज्योति को लाखु स्थित स्कूल छोड़कर ऑटो से वापस चिड़ावा लौट रहे थे।
इसी दौरान चिड़ावा की ओर से आ रही फॉरच्यूनर कार (HR 93 0096) की ऑटो से टक्कर हो गई।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि फॉरच्यूनर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो कई बार पलट गया, जिससे गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल गोपाल को तत्काल चिड़ावा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।भीषण टक्कर में ऑटो और फॉरच्यूनर दोनों वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद अस्पताल में परिजनों के बयान दर्ज किए गए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा फॉरच्यूनर चालक की भूमिका की भी जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






