हादसे के बाद चालक पिलानी की ओर हुआ फरार
झुंझुनू जिले में चिड़ावा शहर के पिलानी रोड स्थित मंड्रेला मोड़ के पास सोमवार को सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टाटा नेक्सॉन को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में टाटा नेक्सॉन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, टाटा नेक्सॉन कार चालक अपने घर से मुख्य सड़क की ओर आ रहा था। जैसे ही कार मुख्य सड़क पर पहुंची, उसी दौरान कबूतर खाना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट ने नेक्सॉन को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि नेक्सॉन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा।
टक्कर के बाद स्विफ्ट चालक मौके पर नहीं रुका। वह कार समेत पिलानी की ओर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।एसआई बलवीर और कांस्टेबल अंकित राव ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।पुलिस द्वारा फरार स्विफ्ट कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से राहत रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






