झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में गुरुवार को पूरी तरह मिट्टी से सनी एक कार लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गई। सड़क पर दौड़ रही इस कार को पुराना डिप्टी ऑफिस के सामने रोके जाने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की स्थिति ऐसी थी मानो वह पूरी तरह मिट्टी में लथपथ होकर आई हो। वाहन को देखकर आसपास मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि कार से स्टंटबाजी या हुड़दंग किया गया हो, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर चिड़ावा पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक शराब के नशे में था। इसके बाद पुलिस चालक को वाहन सहित थाने ले गई।
संभावित हादसा टला
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस की कार्रवाई से संभावित सड़क हादसे को टाला जा सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






