विवाद के बाद युवक को सड़क पर पटककर पीटने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया डिटेन
झुंझुनू जिले के चिड़ावा शहर में बुधवार देर रात पंडित गणेश नारायण समाधि स्थल के पास स्थित भोपा बस्ती में राह चलते विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया।मारपीट में दलीप पुत्र मंगेज भोपा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने के बाद चिड़ावा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दलीप कथित तौर पर नशे की हालत में भोपा बस्ती में एक मकान के चबूतरे पर बैठा था।
इसी दौरान वहां से मोटरसाइकिल पर गुजर रहे वाल्मीकि बस्ती निवासी मोहित चंदेलिया से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।\आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोहित ने मोटरसाइकिल रोक दी और दलीप के दोनों हाथ पकड़कर उसे चबूतरे से सीमेंटेड सड़क पर पटक दिया।
इसके बाद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना में दलीप को गंभीर चोटें आईं।मारपीट होते देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपित युवक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने घायल युवक की स्थिति को देखते हुए उसे पुलिस वाहन से चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया।वहीं मौके पर मिली मोटरसाइकिल को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में आरोपित मोहित चंदेलिया को डिटेन कर लिया गया है।फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मारपीट के कारणों सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच और घायल पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






