चिड़ावा में तेज रफ्तार कार ने मचाई अफरा-तफरी
झुंझुनू जिले के चिड़ावा शहर में रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। कबूतर खाना की तरफ से आई कार ने रास्ते में एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारी, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे के दौरान बाइक सवार युवक और महिला सड़क पर गिर गए।
इसके बाद कार चालक रुका नहीं और तेज रफ्तार में आगे बढ़ता रहा।जानकारी के अनुसार, कार ने सबसे पहले खेतड़ी रोड स्थित गोल मार्केट के सामने एक बाइक को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक और महिला सड़क पर जा गिरे।मौके पर मौजूद एडवोकेट विकास खरड़िया ने घायलों को संभाला। इसके बाद कार सवार युवक मौके से आगे निकल गया।
कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार दूधवाले को भी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दूधवाला सड़क पर गिर गया और उसका दूध सड़क पर बिखर गया।इस दौरान सड़क किनारे खड़े कई युवक भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।इसके बाद भी कार नहीं रुकी और चालक तेज रफ्तार में आगे बढ़ता रहा। सूरजगढ़ मोड़ के पास कार ने एक स्कूटी को टक्कर मारी।
इसके बाद कार आगे चल रहे कैंपर वाहन से जा भिड़ी। इस टक्कर के बाद कार रुक गई।लगातार हादसों के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने कार सवार युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना पुलिस के एसआई बलवीर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार सहित युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों और घटनाक्रम की जानकारी भी जुटाई जा रही है।






