महिलाओं के वीडियो साझा करने का आरोप
झुंझुनू जिले के चिड़ावा कस्बे के बहुचर्चित ट्रायल रूम वीडियो कांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजहरुद्दीन शेख पुत्र चिरागुद्दीन शेख को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के मुख्य आरोपी शाहरुख खान, जिसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, कथित रूप से ट्रायल रूम में महिलाओं के बनाए गए वीडियो अजहरुद्दीन शेख को दिखाता और उसके साथ साझा करता था। इसी आधार पर उसे मामले में आरोपी बनाया गया है।
इन आरोपों की जांच अभी जारी है।यह मामला उस समय सामने आया था जब एक महिला ट्रायल रूम में कपड़े बदलने के दौरान संदिग्ध गतिविधि का आभास होने पर सतर्क हुई और इसकी सूचना पुलिस को दी।जांच के दौरान महिलाओं की निजता से कथित तौर पर जुड़े गंभीर तथ्यों के सामने आने के बाद शहर में व्यापक आक्रोश देखने को मिला था।
घटना के विरोध में विभिन्न संगठनों और लोगों ने प्रदर्शन भी किया था।पुलिस के अनुसार अब यह भी जांच की जा रही है कि कथित वीडियो किन-किन लोगों तक पहुंचाए गए और इस पूरे मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता रही है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






