ग्राहक बनकर दुकान में आया युवक 7.20 लाख रुपए की ज्वेलरी लेकर फरार
चूरू में पंखा रोड स्थित सिरोहा मार्केट के पास जगदंबा ज्वेलर्स में मंगलवार सुबह एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने दुकानदार से अपनी गर्लफ्रेंड के लिए मूर्ति लेने की बात कही।दुकान पर उस समय दुकानदार प्रेम सोनी का बेटा सुरेश बैठा था।
सुबह करीब 9:50 बजे दुकान पर पहुंचे युवक ने सामान देखने के दौरान दुकानदार को चकमा दिया और ज्वेलरी लेकर फरार हो गया।बताया गया कि आरोपी करीब 46 ग्राम 400 मिली वजन की ज्वेलरी लेकर फरार हुआ। इसमें दो चेन और टॉप्स शामिल बताए गए हैं।
चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।वारदात के दौरान आरोपी ने दुकानदार को 500 रुपए नकद भी दिए। इसके बाद उसने कहा कि ज्वेलरी 9 हजार रुपए में बनाने की बात कहकर वह वहां से चला गया।
बाद में दुकानदार को ज्वेलरी गायब होने का पता चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






