देवरोड़-चिड़ावा मार्ग पर हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
झुंझुनूं जिले के देवरोड़-चिड़ावा मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में मृतक की पहचान सावलोद निवासी बिल्लू पुत्र महावीर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान की गई।
दुर्घटना स्थल से हीरो होंडा मोटरसाइकिल नंबर HR 21 C 9483 भी बरामद हुई है।हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, टक्कर के दौरान पिकअप का टायर फट गया, जिसके कारण चालक वाहन को ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सका।
पुलिस ने चिड़ावा-पिलानी बाईपास पर पिकअप को जब्त कर लिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन उत्तर प्रदेश से गोगामेड़ी की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार युवक चिड़ावा से पिलानी की तरफ जा रहा था।हादसे की सूचना मिलते ही पिलानी पुलिस और जीवन ज्योति रक्षा समिति की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की सहायता से मृतक के शव को पिलानी स्थित बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। आगे की कार्रवाई परिजनों की मौजूदगी में की जाएगी।पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ और टक्कर के समय दोनों वाहनों की स्थिति क्या थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। देवरोड़-चिड़ावा मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद सावलोद गांव में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।






