कैम्पर गाड़ियों से टक्कर, फायरिंग और जानलेवा हमले के दो मामलों में बड़ी कार्रवाई

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में कैम्पर गाड़ियों से टक्कर मारने, फायरिंग करने और जानलेवा हमला करने के दो चर्चित मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने यह कार्रवाई की।

दो अलग-अलग मामलों में दर्ज हुए थे मुकदमे

पहले मामले में 6 जुलाई को सीथल निवासी वीरेन्द्र सिंह उर्फ गोलू ने शिकायत दर्ज कराई कि चंवरा रोड पर तीन बिना नंबर की कैम्पर गाड़ियों में आए आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। आरोपियों ने लोहे के पाइप से मारपीट की, हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि एक दिन पहले भी आरोपियों ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारकर हमला किया था।

दूसरे मामले में काणिका की ढाणी निवासी अंकित ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई को केडिया एरिया-10 कंपनी के पास कैम्पर गाड़ियों में सवार लोगों ने उनकी पिकअप को टक्कर मारकर रोका। इसके बाद लोहे के पाइप से हमला किया, पिस्टल दिखाकर धमकाया और मौके से ₹51 हजार की नकदी लेकर फरार हो गए।

विशेष टीम ने पांच आरोपियों को दबोचा

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार उर्फ फौजी, विनोद कुमार, धर्मेन्द्र उर्फ धर्मा जाखड़, दीप कुमार उर्फ बुलिया और अभिषेक शामिल हैं।

घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त

पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...