कथित फायरिंग के आरोप से फैली सनसनी

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में सोमवार को दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुढ़ागौड़जी-चंवरा मार्ग स्थित बाईपास के पास एक गाड़ी को रोककर उस पर सवार लोगों पर लाठी-सरियों और अन्य हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने घटना के दौरान तीन राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, अभी तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। घायल पक्ष के विनोद चौधरी के अनुसार, वह वीरेंद्र उर्फ गोलू, धर्मा और अंकित के साथ गाड़ी में अपने घर जा रहे थे।

आरोप है कि रास्ते में तीन कैम्पर गाड़ियों में सवार करीब 10 से 15 लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और उतरते ही हमला कर दिया। हमले में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सीथल निवासी वीरेंद्र उर्फ गोलू (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हाथ, पैर, कंधे और सिर पर चोटें आईं। घायल को गुढ़ागौड़जी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार जारी है।पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड हवाई फायरिंग की। रिपोर्ट में रोहित महला, विक्की स्वामी, पंकज भाटी, अनिल बगड़िया सहित अन्य लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाए गए हैं।

इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें एक किशोर घायल हुआ था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि सोमवार की घटना उसी विवाद का विस्तार तो नहीं है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उदयपुरवाटी से कैलाश बबेरवाल की रिपोर्ट

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...