घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात चूरू जिले के छापर में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उनके संबोधन के बीच सामने बैठे कुछ युवाओं के लगातार शोर-शराबे से माहौल असहज हो गया।
कई बार शांत रहने की अपील के बावजूद व्यवधान जारी रहने पर उन्होंने भाषण बीच में ही रोक दिया और मंच छोड़कर रवाना हो गए।घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।अपने संबोधन के दौरान हनुमान बेनीवाल राजनीतिक मुद्दों पर बोल रहे थे।
इसी बीच सामने बैठे कुछ युवाओं के शोर मचाने पर उन्होंने कई बार उन्हें शांत रहने को कहा।उन्होंने मंच से नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यक्रम में व्यवधान नहीं होना चाहिए और उपस्थित लोगों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। बाद में उन्होंने आयोजकों से भी इस संबंध में नाराजगी व्यक्त की।शोर जारी रहने पर बेनीवाल ने कहा कि यदि व्यवस्था नहीं बन सकती तो ऐसे कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजकों को कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कुछ देर बाद उन्होंने अपना संबोधन समाप्त करते हुए मंच छोड़ दिया। कार्यक्रम वहीं समाप्त हो गया।घटना के बाद कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो में बेनीवाल मंच से नाराजगी व्यक्त करते और कार्यक्रम छोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस घटना को लेकर आयोजकों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट






