‘सबूत दिए, फिर भी कार्रवाई नहीं’, कार्रवाई नहीं होने पर फूटा लोगों का गुस्सा

झुंझुनूं जिला कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मंगलवार को एक कथित बाल विवाह मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 6 जुलाई को 13 वर्षीय बालिका का करीब 40 वर्षीय व्यक्ति से बाल विवाह कराया गया, जिसकी सूचना और सबूत संबंधित मंड्रेला थाने को दिए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को मामले से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि मामले को दबाने का प्रयास किया गया है।उन्होंने यह भी दावा किया कि बालिका की मां बार-बार अपने बयान बदल रही है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के साथ-साथ मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने यह आरोप भी लगाया कि बालिका को कथित रूप से बेचा गया है। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की जांच अभी जारी है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि बालिका को न्याय नहीं मिला और मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...