कलेक्ट्रेट का घेराव, जमकर नारेबाजी कहा – हमें भीड़ जुटाने की मशीन समझ लिया

अखिल राजस्थान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त विकास संघर्ष समिति के बैनर तले शुक्रवार को बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने करीब एक घंटे तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। साथी कार्यकर्ताओं ने तुरंत उसे संभाला। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ताओं ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें केवल भीड़ जुटाने का माध्यम समझ लिया गया है।उनका कहना था कि मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक या अन्य सरकारी कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए बार-बार उनकी ड्यूटी लगाई जाती है। इसके अलावा विभागीय कार्यों के साथ अनेक गैर-आईसीडीएस कार्य भी उनसे कराए जाते हैं, जबकि इसके बदले केवल 10 हजार रुपये मानदेय दिया जाता है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में इतने कम मानदेय में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन है।

प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मुलाकात की। जब बाहर आकर बताया गया कि जिला कलेक्टर ने उनकी मांगों को सरकार तक भेजने और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, तो प्रदर्शनकारी महिलाएं संतुष्ट नहीं हुईं।उन्होंने कहा कि वे केवल आश्वासन नहीं चाहतीं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिला कलेक्टर स्वयं कलेक्ट्रेट परिसर में आकर उनकी समस्याएं सुनें, ताकि वे सीधे अपनी बात रख सकें।

प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डिप्टी एसपी गोपाल ढाका, कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार, पुलिस की कालिका टीम तथा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...