जिला कलेक्टर से वार्ता में बनी सहमति, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
झुंझुनूं शहर के एपेक्स स्काई लाइन हॉस्पिटल में गर्भाशय की गांठ के ऑपरेशन के बाद माकड़ो निवासी सुख दिव्या की मौत के मामले में चल रहा परिजनों का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया।
करीब 24 घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद दोनों पक्षों के बीच जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर सहमति बनी।मृतका के परिजनों ने अस्पताल और संबंधित डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।धरने के दौरान परिजनों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।
वार्ता के बाद तीन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी।प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मृतका का पोस्टमार्टम बीडीके अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच कमेटी गठित की जाएगी, जिसमें परिजनों द्वारा सुझाए गए डॉक्टरों और अन्य व्यक्तियों को भी शामिल किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि जांच कमेटी या मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में किसी डॉक्टर अथवा अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।
जानकारी के अनुसार माकड़ो निवासी सुख दिव्या का एपेक्स स्काई लाइन हॉस्पिटल में गर्भाशय की गांठ का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।मृतका के पति योगेश कुमार द्वारा कोतवाली थाने में दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। अब मेडिकल बोर्ड और जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






