हादसे के बाद कैंपर में लगी आग, ग्रामीणों में आक्रोश
झुंझुनूं जिले के बड़ागांव में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक होटल में खाना खाने के बाद बाइक से हांसलसर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक को एक कैंपर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कैंपर में आग भी लग गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे युवक को गंभीर हालत में सीकर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतकों की पहचान हांसलसर निवासी प्रदीप राव (30) पुत्र इंद्राज राव और सुभाष (32) पुत्र महिपाल के रूप में हुई है। दोनों युवक होटल से खाना खाने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान कैंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप राव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीकर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।हादसे के बाद कैंपर में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने कैंपर में सवार दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।हादसे की सूचना मिलने पर गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश कर स्थिति को संभाला।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव गुढ़ागौड़जी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कैंपर में सवार पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि मौके से फरार हुए लोगों की तलाश जारी है।






