लात- घूसे और पथरबाजी ने माहौल गरमाया
झुंझुनूं नगर परिषद चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद चुनावी रंजिश को लेकर वार्ड 41 के बड़ा मोहल्ला में सोमवार देर रात दो पक्ष आमने-सामने हो गए। जिसका वीडियो भी अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, हार-जीत को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और पथराव भी हुआ।
घटना के चलते इलाके का माहौल गर्म हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 11:30 बजे की है।
विवाद की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर हो गए।पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मौके से लोगों को हटाकर शांति एवं कानून व्यवस्था कायम की।
कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहां एकत्रित लोगों को मौके से हटाया गया।उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से मामले में रिपोर्ट नहीं दी गई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दो लोगों को पाबंद किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।






