30 जून को हुआ भूमि पूजन, 7 दिन बाद चला बुलडोजर; रोहित महला पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस, प्रशासन और अजमेर डिस्कॉम की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर रोहित महला के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए जा रहे कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा और जेसीबी मशीनों की सहायता से निर्माणाधीन ढांचे को हटाया गया।
प्रशासन ने मौके से निर्माण सामग्री और अन्य सामान भी जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से की गई।
10 बीघा सरकारी जोहड़ भूमि पर चल रहा था निर्माण
प्रशासन के अनुसार, बड़ की ढाणी स्थित करीब 10 बीघा सरकारी जोहड़ भूमि पर गौशाला का निर्माण कराया जा रहा था। जांच के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर बने एक सामुदायिक भवन को भी कब्जामुक्त कराया गया। भवन खाली करवाने के बाद प्रशासन ने उसे सीज कर दिया। वहीं, अजमेर डिस्कॉम की टीम ने कथित अवैध बिजली कनेक्शन हटाकर नियमानुसार वीसीआर भरने की कार्रवाई की।
30 जून को हुआ था भूमि पूजन, सात दिन बाद चला बुलडोजर
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित गौशाला के निर्माण के लिए 30 जून को भूमि पूजन किया गया था और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। हालांकि, महज सात दिन बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन ढांचे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
गैंगवार के बाद बढ़ी सख्ती, हिस्ट्रीशीटर अब भी फरार
गौरतलब है कि रविवार और सोमवार को रोहित महला और विनोद चौधरी गैंग के बीच हुए विवाद और कथित हवाई फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर रोहित महला अभी भी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इसी बीच झुंझुनूं के पुलिस अधीक्षक भी मंगलवार को गुढ़ागौड़जी थाने पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा करते हुए फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।






