ससुराल और पीहर पक्ष के अलग-अलग दावे
झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र के किठाना गांव में 26 वर्षीय विवाहिता प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका के पति टेकचंद भारतीय सेना में कार्यरत हैं। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र तीन वर्ष और दूसरे की दो माह बताई गई है।ससुराल पक्ष का कहना है कि प्रियंका ने आत्महत्या की है। वहीं, घरडाना खुर्द निवासी पीहर पक्ष ने आरोप लगाया है कि प्रियंका की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना पर सुलताना थाना प्रभारी रामनिवास अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






