पहले भी लग चुके हैं ऐसे आरोप, बातचीत जारी, टेंट लगाने की तैयारी
झुंझुनूं शहर के रीको क्षेत्र स्थित महिंद्रा शोरूम के बाहर आज एक क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन के साथ बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क हादसे के दौरान वाहन के एयरबैग नहीं खुले, जिसके कारण युवक की मौत हो गई।
धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन इसके बावजूद एयरबैग नहीं खुले। उनका आरोप है कि यह वाहन की सुरक्षा प्रणाली में गंभीर खामी का मामला है और इसी को लेकर वे कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से उन्हें धरने पर बैठने से रोकने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी महिंद्रा शोरूम के बाहर थार वाहन को लेकर धरना-प्रदर्शन हुआ था। उस मामले में भी दुर्घटना के दौरान एयरबैग नहीं खुलने का आरोप लगाया गया था।
हालांकि, इन आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक महिंद्रा शोरूम प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। समाचार लिखे जाने तक शोरूम प्रबंधन और धरनार्थियों के बीच बातचीत जारी थी। वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रदर्शनकारी धरना स्थल पर टेंट लगाने की व्यवस्था में जुटे हुए थे। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






