जर्जर चारदीवारी से रोज गुजर रहे मासूम; ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
झुंझुनूं जिले की माखर ग्राम पंचायत के अशोकनगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय की चारदीवारी कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन स्कूल आते-जाते समय इसी जर्जर हिस्से के पास से गुजरना पड़ता है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय की बदहाल स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चारदीवारी की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से विद्यालय परिसर की जर्जर चारदीवारी का जल्द पुनर्निर्माण कराने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूलों में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






