मलसीसर रोड पर बस-ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़ंत

झुंझुनूं में मलसीसर रोड पर गाय मूर्ति के पास बुधवार को सवारियों से भरी निजी बस ने नगर परिषद की कचरा ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा और ट्रैक्टर-ट्रॉली क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बस में सवार दो महिलाओं के सिर में चोट आई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़े होने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।नगर परिषद के ट्रैक्टर चालक गोपाल ने बताया कि वह कचरा डिपो पर कचरा डालकर घर की ओर लौट रहा था।

इसी दौरान पीछे से आ रही सवारियों से भरी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। गोपाल के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और वह बाल-बाल बच गया।बस में सवार दो महिलाओं को चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि मलसीसर रोड पर गाय मूर्ति के पास कई दिनों से गंदा पानी जमा है। पानी और कीचड़ के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और फिसलन की स्थिति बनी रहती है।स्थानीय निवासी महमूद ने बताया कि वह अपनी दुकान खोल रहे थे।

इसी दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो चुकी थी।महमूद के अनुसार, सड़क पर कई दिनों से गंदा पानी जमा है और इससे पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि एक दिन पहले भी इसी स्थान पर हादसा हुआ था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।लोगों ने बताया कि पिछले दिनों इसी स्थान पर फिसलन के कारण एक महिला स्कूटी से गिरकर घायल हो गई थी।

वाहनों के गुजरने पर पानी और कीचड़ सड़क पर फैलने से समस्या और बढ़ जाती है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और बार-बार शिकायतों के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन से जलभराव की समस्या दूर करने तथा सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...