अचानक टर्न लेने से हुआ हादसा

झुंझुनूं शहर के मंडावा रोड पर स्टेडियम और जिला जेल के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मंडावा की तरफ से आ रही एक बाइक के चालक ने किसान कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क पर अचानक टर्न ले लिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक उससे टकरा गई।

घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक बाइक मंडावा की तरफ से झुंझुनूं की ओर आ रही थी। बाइक एक युवक चला रहा था और पीछे एक महिला बैठी थी। जिला जेल से पहले बाइक चालक ने किसान कॉलोनी रोड की तरफ अचानक बाइक मोड़ दी।

इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक सीधे आगे मुड़ रही बाइक से जा भिड़ी। पीछे से आ रही बाइक पर दो युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। आगे चल रही बाइक के अचानक मुड़ने से पीछे आ रहा चालक समय रहते बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाया और उसने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने सड़क पर गिरे घायलों को संभाला और उनकी मदद की। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही के बीच सावधानी बरतने की जरूरत बताई। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...