झुंझुनूं नगरपरिषद के 60 वार्डों के बोर्ड में कांग्रेस ने बहुमत बरकरार रखा
झुंझुनूं नगरपरिषद सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला नबी अगवान निर्वाचित हुए हैं। मतदान में उन्हें 35 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी मनु धनखड़ को 25 मत मिले।इस जीत के साथ झुंझुनूं नगरपरिषद में कांग्रेस ने अपना बोर्ड बरकरार रखा है।
झुंझुनूं नगरपरिषद के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 30, भाजपा के 15 और निर्दलीय 15 पार्षद विजयी हुए थे।सभापति चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 35 वोट मिलने से यह साफ हुआ कि कांग्रेस अपने पार्षदों के अलावा कुछ निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाने में भी सफल रही।
सभापति चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में पार्षदों को एकजुट रखने की कोशिश की।कांग्रेस की ओर से सांसद बृजेन्द्र ओला ने चुनाव के दौरान मोर्चा संभाला। वहीं निर्दलीय वीरेंद्र डारा भी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस के पक्ष में खड़े रहे।
डारा पूर्व में नगरपरिषद के उप सभापति रह चुके हैं।अब्दुल्ला नबी अगवान की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया।सभापति निर्वाचित होने के बाद अब्दुल्ला नबी अगवान ने कहा कि शहर की साफ-सफाई और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के शहर के विकास के लिए काम किया जाएगा। सभापति चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। नगरपरिषद परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। पूरे चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।






