छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
झुंझुनूं शहर के नेतराम मघराज टीबड़ेवाल (NMT) गर्ल्स कॉलेज में गुरुवार को छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने प्राचार्य पर एक छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करने, बाल पकड़कर खींचने और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
घटना से नाराज छात्राएं कॉलेज परिसर में एकत्रित हुईं और नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य ने एक छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और उसके बाल पकड़कर खींचे।छात्राओं ने कहा कि घटना के बाद कॉलेज की अन्य छात्राओं में भी नाराजगी फैल गई। उनका कहना है कि शिक्षण संस्थान में छात्राओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित माहौल होना जरूरी है।
प्रदर्शन का नेतृत्व एसएफआई जिला सचिव प्रिया मिठारवाल ने किया। बड़ी संख्या में छात्राएं कॉलेज परिसर में एकत्रित हुईं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रिया मिठारवाल ने कहा कि छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोप गंभीर हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।छात्राओं ने कहा कि कॉलेज में ऐसा वातावरण होना चाहिए जहां वे बिना डर और दबाव के पढ़ाई कर सकें।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन से छात्राओं के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा भविष्य में इस तरह की स्थिति नहीं बनने देने की मांग की। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्राओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






