झुंझुनूं में नामांकन का दूसरा दिन: 73 पर्चे दाखिल, 357 नामांकन फॉर्म खरीदे, सोमवार को उमड़ेगा संभावित प्रत्याशियों सैलाब
झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर झुंझुनूं शहर में चुनावी हलचल लगातार तेज होती जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद एसडीएम कोर्ट खुला रहा। सुबह से ही संभावित प्रत्याशियों, उनके समर्थकों, वकीलों और चुनावी सलाहकारों की आवाजाही बनी रही।
एसडीएम कोर्ट परिसर में दिनभर नामांकन प्रक्रिया और वार्डवार चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जीत-हार के गणित पर मंथन करते नजर आए। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन तक झुंझुनूं में कुल 73 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं।
वहीं अब तक 357 नामांकन पर्चियां खरीदी जा चुकी हैं।नामांकन पर्चियों की खरीद और दाखिल किए गए नामांकन के आंकड़ों में बड़ा अंतर होने से साफ है कि अभी बड़ी संख्या में दावेदारों को नामांकन दाखिल करना बाकी है। अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान एक दिलचस्प चुनावी तस्वीर भी देखने को मिली। कई संभावित प्रत्याशियों ने चुनावी रणनीति और शह-मात के समीकरण को ध्यान में रखते हुए एक से अधिक नामांकन पर्चियां खरीदीं। कुछ दावेदारों ने अपने नाम के साथ नजदीकी रिश्तेदारों के लिए भी नामांकन फॉर्म खरीदे।
चुनावी मैदान में अंतिम समय तक समीकरण बदलने की संभावना को देखते हुए प्रत्याशी हर विकल्प खुला रखना चाहते हैं।तीसरे दिन एसडीएम कोर्ट में बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशी अपने नामांकन फॉर्म और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कराने पहुंचे।दावेदारों ने नामांकन पत्र में किसी तरह की तकनीकी या दस्तावेजी कमी नहीं रह जाए, इसके लिए पहले ही कागजात दुरुस्त करवाए।
प्रत्याशियों में इस बात को लेकर भी सतर्कता नजर आई कि संवीक्षा के दौरान किसी कमी के कारण नामांकन निरस्त न हो जाए।प्रशासन की ओर से विभिन्न वार्डों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। इन काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों ने प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। दावेदारों को आवश्यक दस्तावेज, प्रक्रिया और संभावित कमियों के संबंध में जानकारी भी दी गई।
प्रशासन की कोशिश है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रत्याशी को तकनीकी कारणों से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। नामांकन दाखिल करने की अंतिम दिन सोमवार होने के कारण अब सबसे ज्यादा भीड़ इसी दिन जुटने की संभावना है। राजनीतिक दलों के अधिकृत उम्मीदवारों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय दावेदार भी नामांकन दाखिल करने पहुंच सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों में से कई के निर्दलीय मैदान में उतरने की भी संभावना है। ऐसे में अंतिम दिन झुंझुनूं के अलग-अलग वार्डों में बगावत, निर्दलीय उम्मीदवार और बदलते चुनावी समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान एसडीएम कोर्ट परिसर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस जाब्ता तैनात रहा और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई।प्रशासन ने अंतिम दिन संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
झुंझुनूं में अब तक 73 नामांकन दाखिल और 357 नामांकन पर्चियों की बिक्री ने चुनावी मुकाबले की तस्वीर को काफी दिलचस्प बना दिया है। हालांकि वास्तविक तस्वीर नामांकन की अंतिम तिथि के बाद ही स्पष्ट होगी।इसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा और अभ्यर्थिता वापसी के बाद यह साफ होगा कि मैदान में कितने प्रत्याशी रहेंगे और किन वार्डों में मुकाबला सीधा, त्रिकोणीय या बहुकोणीय होगा। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






