विधायक के दामाद की दावेदारी के बाद फिर से चर्चा में आया सभापति पद
झुंझुनूं नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर सामने आने लगी है। भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 49 के पार्षद मनु धनखड़ ने सभापति पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने से पहले धनखड़ ने निर्वाचन अधिकारी रामकरण के समक्ष पार्षद पद की शपथ भी ली।
सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद मनु धनखड़ ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपने मताधिकार का उपयोग करने की आजादी है। उन्होंने अपनी जीत को लेकर भी भरोसा जताया।मनु धनखड़ के नामांकन के साथ ही भाजपा की ओर से सभापति पद की दावेदारी को लेकर तस्वीर सामने आ गई है।
बता दे कि वार्ड नंबर 49 के पार्षद मनु धनखड़ झुंझुनू विधायक राजेंद्र भाम्बू के दामाद है। वहीं कांग्रेस की ओर से अब्दुल्ला अगवान ने भी नगर परिषद सभापति पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।अब्दुल्ला अगवान के साथ तैयब अली, खलील बुडाना, वीरेंद्र डारा सहित समर्थक मौजूद रहे।
नामांकन दाखिल करने के बाद अब्दुल्ला अगवान की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया। भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से नामांकन दाखिल होने के बाद झुंझुनूं नगर परिषद सभापति पद का चुनावी मुकाबला चर्चा में आ गया है। अब आगामी चुनावी प्रक्रिया और पार्षदों के रुख पर सभी की नजरें रहेंगी। समाचार लिखे जाने तक इन दो प्रत्याशियों की ही सभापति पद के लिए दावेदारी समाने आई थी।






