कलेक्टर और एसपी ने लिया व्यवस्थाओ का जायजा
झुंझुनूं नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर सोमवार को शहर में सियासी हलचल तेज हो गई। 60 वार्डों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है।
सुबह से ही एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय परिसर में पार्षद पद के दावेदारों, समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। अंतिम दिन बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
एसडीएम कार्यालय परिसर में अलग-अलग वार्डों से संभावित उम्मीदवार जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंच रहे हैं।संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने नामांकन पत्रों और दस्तावेजों की शुरुआती जांच के लिए अतिरिक्त टेबल लगाई हैं।साथ ही कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है, ताकि नामांकन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और अभ्यर्थियों को समय पर सहायता मिल सके।
नामांकन स्थल पर महिला प्रत्याशियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।एसडीएम कार्यालय में प्रवेश के लिए महिलाओं की अलग लाइन लगाई गई है। इसके अलावा महिला प्रत्याशियों और उनके साथ आए लोगों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है।एडिशनल एसपी देवेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पर्याप्त संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है। नामांकन प्रक्रिया के बीच जिला कलेक्टर अरुण गर्ग और जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर भी उपखंड अधिकारी परिसर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने नामांकन स्थल का मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार, शनिवार तक झुंझुनूं नगर परिषद में 62 अभ्यर्थियों ने 73 नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
हालांकि बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म खरीदे थे। ऐसे में अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा होने की संभावना है।नामांकन की अंतिम समय सीमा आज दोपहर 3 बजे तक है। इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और 3 सितंबर तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






