CCTV, टोल डेटा और तकनीकी विश्लेषण से पहुंची पुलिस

झुंझुनूं शहर के पीपली चौक क्षेत्र में हथियारों के बल पर घर में घुसकर डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं। मामले में लूटा गया सामान बरामद करने और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 की रात मलसीसर रोड स्थित गाय वाली मूर्ति के पास एक मकान में 4-5 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए थे। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज तथा सीसीटीवी डीवीआर लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच विशेष टीमें गठित की गईं।पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। जांच में वारदात में इस्तेमाल दो स्कॉर्पियो वाहनों की पहचान हुई।
वाहनों की आवाजाही का रूट झुंझुनूं, राजगढ़, भादरा, हिसार, सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ तक ट्रेस किया गया। इसके बाद तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।पुलिस ने पहले उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ क्षेत्र में दबिश देकर राशिद, सतार और सरफराज उर्फ भुटन को वारदात में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया।पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दूसरी टीम ने दिल्ली-अलवर एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी कर राजीव उर्फ राजू खटा, जाहिद उर्फ लंबू और आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे मामले में
राशिद कुरैशी (31), निवासी हर्रा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश)
सतार (36), निवासी बरनावा, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश)
सरफराज उर्फ भुटन (32), निवासी हर्रा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश)
जाहिद उर्फ लंबू (47), निवासी निरपुड़ा, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश)
राजीव उर्फ राजू खटा (38), निवासी खटा प्रहलादपुर, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश)
आरिफ (22), निवासी मस्जिदपुरा, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ-साथ लूटा गया सामान बरामद करने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...