चूरू बायपास पर बड़ा हादसा टला, स्कूल बस से भिड़ी लोक परिवहन बस
झुंझुनूं शहर के चूरू बायपास स्थित गांधी नगर के पास सोमवार को एक स्कूल बस और लोक परिवहन बस के बीच टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल बस में सवार करीब 10 स्कूली बच्चे घायल होने की जानकारी सामने आई है । वहीं, सड़क से गुजर रही एक महिला भी दुर्घटना की चपेट में आकर घायल हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सभी घायलों को तत्काल बीडीके अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है। हादसे के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोक परिवहन बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस में बैठे बच्चे झटका लगने से घायल हो गए। हादसे के दौरान सड़क से गुजर रही एक महिला भी बस की चपेट में आ गई।
हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






