किशोरपुरा और इस्लामपुर निवासी दो युवको ने गवाई जान
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका और स्कूटी को कार के नीचे फंसे होने के बावजूद करीब दो किलोमीटर तक घसीटता ले गया। बाद में टायर फटने पर वह कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने कार को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान संत कुमार सैनी (35) निवासी किशोरपुरा और जावेद (41) निवासी इस्लामपुर के रूप में हुई है। संत कुमार एक होटल में कार्यरत थे, जबकि जावेद मजदूरी करते थे।बताया गया कि दोनों एक होटल में खाना खाने के बाद झुंझुनूं की ओर निकले थे। होटल से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। वह तेज रफ्तार में स्कूटी को घसीटते हुए करीब दो किलोमीटर दूर दूडिया गांव तक ले गया।रास्ते में कार का टायर फटने के बाद वाहन रुक गया, जिसके बाद चालक कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने निजी एंबुलेंस की सहायता से दोनों शवों को गुढ़ागौड़जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्यूरी में रखवाया। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच और तलाश में जुटी हुई है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






