गहरी खाई में मिला था लापता संत का शव
झुंझुनूं जिले के लोहार्गल स्थित बरखंडी धाम के संत सुरजादास महाराज की हत्या और लूट के मामले में गोठड़ा थाना पुलिस ने खुलासा किया है।
पुलिस ने मामले में 44 वर्षीय सुरेश कुमार निवासी पहाड़ीला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, संत का शव बरखंडी की पहाड़ियों में गहरी खाई में मिला था। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा घटना से संबंधित शिकायत दर्ज होने के पांच दिन के भीतर किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में की गई।पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को परिवादी शंकरलाल ने गोठड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि लोहार्गल स्थित बरखंडी बाबा मंदिर के संत सुरजादास महाराज, निवासी सिंगोद कलां, जयपुर, 26 सितंबर की शाम से लापता थे।27 सितंबर की सुबह मंदिर पहुंचे यात्रियों ने संत के वहां नहीं होने की जानकारी दी।
इसके बाद संत की तलाश और मामले की जांच शुरू की गई।संत की तलाश के दौरान पुलिस टीम और ग्रामीणों ने बरखंडी की पहाड़ियों में खोजबीन की। इस दौरान संत सुरजादास महाराज का शव पहाड़ियों में एक गहरी खाई में संदिग्ध अवस्था में मिला।पुलिस टीम ने एसडीआरएफ और जिला रेस्क्यू टीम की मदद से शव को खाई से बाहर निकलवाया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और एमओबी ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। तकनीकी संसाधनों और अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने सुरेश कुमार पुत्र ग्यारसीलाल, उम्र 44 वर्ष, निवासी झाझम की ढाणी, तन पहाड़ीला, थाना गोठड़ा, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, संत की हत्या और लूट के मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।इस कार्रवाई में गोठड़ा थाना प्रभारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






