दो पक्षों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
झुंझुनूं जिले के मंडावा के मुख्य बाजार में शुक्रवार रात रास्ते में कार खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने दो युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।मंडावा थानाधिकारी चंद्रभान चौधरी ने बताया कि मामले में अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है और फिलहाल कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने दो युवकों को डिटेन कर शांति भंग में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवक मुख्य बाजार में रास्ते के बीच कार खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। इसी स्थान पर सीवरेज का काम भी चल रहा था और मजदूर काम कर रहे थे।रास्ते में कार खड़ी होने के कारण लोगों और काम में लगे मजदूरों को वाहन निकालने में परेशानी हो रही थी। बताया गया कि मजदूरों ने युवकों से कार हटाने के लिए कहा, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
कार हटाने को लेकर शुरू हुई बहसबाजी के बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक युवक के लोहे का सरिया लेकर आने की बात सामने आई।जानकारी के अनुसार, सरिए से एक युवक के सिर पर चोट लगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गया। घटना के बाद कार सवार युवक वहां से चले गए।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची।
सूचना मिलने पर मंडावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर शांति भंग के मामले में गिरफ्तार किया है।मंडावा थानाधिकारी चंद्रभान चौधरी के अनुसार, घटना को लेकर अभी तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। इसलिए फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने दो युवकों को शांति भंग में गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई दोनों पक्षों की ओर से शिकायत और जांच के आधार पर की जाएगी। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






