नवलगढ़ कस्बे से सामने आई है रिश्तों के क़त्ल की दास्तान
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कृषि उपज मंडी क्षेत्र के सामने स्थित एक मकान में एक युवक पर अपनी ही मां की चाकू से हत्या करने का आरोप है। घटना देर रात हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।मृतका की पहचान प्रभाती देवी, पत्नी स्वर्गीय शीशराम, के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनोर गांव का निवासी है और वर्तमान में नवलगढ़ में रह रहा था।प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार आरोपी राजवीर, जो राजस्थान लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यरत है, घटना के समय कथित रूप से नशे की हालत में था। बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने घर में मौजूद चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।नवलगढ़ थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। मृतका के दामाद शिवकुमार की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
आरोपी राजवीर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार उसकी पत्नी से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और वह अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ मायके गई हुई थी।पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया है। घटना के समय घर में केवल मां और बेटा ही मौजूद थे।पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






