होटल के बाहर खाना पैक करवाते समय हुई फायरिंग

सीकर जिले में नीमकाथाना कस्बे के सिरोही बाइपास स्थित बिनानी चौराहा पर गुरुवार रात करीब 10:45 बजे युवक पर फायरिंग की घटना सामने आई।

सिरोही निवासी वीरेंद्र गैनण होटल प्रेमजी पर खाना पैक करवा रहा था।इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक से उतरते ही एक युवक ने पिस्टल से वीरेंद्र पर एक राउंड फायर किया। फायरिंग के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।फायरिंग होते ही वीरेंद्र जान बचाने के लिए होटल के नीचे बने बेसमेंट में कूद गया। इस वजह से वह गोली की चपेट में आने से बच गया और बड़ा हादसा टल गया।

फायरिंग की आवाज सुनकर होटल में खाना खा रहे अन्य ग्राहक भी दहशत में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।फायरिंग की पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलते ही नीमकाथाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना पर डीएसपी सुशील मान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर घटना की जानकारी ली।पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र और फायरिंग करने वाले युवक राहुल बोरान और उसके साथी मनोज के बीच पहले से रंजिश होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने नीमकाथाना इलाके में नाकाबंदी करवा दी। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने देर रात तक उनके संभावित ठिकानों और घरों पर दबिश दी।

पुलिस की ओर से क्षेत्र के प्रमुख पॉइंट पर नाकाबंदी जारी रखी गई और आरोपियों की तलाश की जा रही है।डीएसपी सुशील मान ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से एक गोली बरामद हुई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों की ओर से दबिश दी जा रही है और रात से ही सभी प्रमुख पॉइंट पर नाकाबंदी जारी है।पुलिस अब CCTV फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग करने वाले आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...