हरियाणा बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर पकड़ा
नगर निकाय चुनाव के बीच शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए झुंझुनूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पिलानी पुलिस ने हरियाणा निर्मित अवैध शराब से भरी एक गाड़ी पकड़कर 148 पेटियां ब्रांडेड शराब जब्त की हैं।पुलिस ने मौके से गाड़ी चालक प्रवीण निवासी भिवानी, हरियाणा को गिरफ्तार किया है।
बरामद शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी पार्सल पहुंचाने वाली गाड़ी में शराब की पेटियां छिपाकर हरियाणा से राजस्थान की ओर ले जा रहा था।हरियाणा बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए नाकाबंदी की थी। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी दौड़ा दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें हरियाणा निर्मित ब्रांडेड अवैध शराब की 148 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने शराब को जब्त कर वाहन को कब्जे में लिया और चालक प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया।नगर निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस की ओर से हरियाणा बॉर्डर और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग एवं नाकाबंदी की जा रही है।इसी सघन जांच के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई। पुलिस अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है।जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे झुंझुनूं जिले में कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू






