पिलानी-लोहारू हाईवे पर हुआ भीषण हादसा
झुंझुनूं जिले के पिलानी-लोहारू राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-709) पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीपली के निकट नेहरा की ढाणी के पास अनाज से भरे एक ट्रॉले ने पीछे से ईंटों से लदे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर ट्रॉले के अगले हिस्से में फंस गया। इसके बाद ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और उसमें लदी चने की बोरियां व अनाज सड़क पर बिखर गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए पिलानी अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर मंड्रेला क्षेत्र का बताया जा रहा है, जबकि ट्रैक्टर चालक लोहारू का निवासी बताया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलने पर पीपली पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी से राजेंद्र, सतीश और सुनील सहित पिलानी थाने से एएसआई होशियार सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना की एक संभावित वजह ट्रॉले का टायर फटना भी हो सकती है, लेकिन पुलिस ने अभी हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और फरार ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है।






