पिलानी का पीछा नहीं छोड़ रहे हादसे
झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी कॉलेज के चौथे वर्ष के छात्र ऋषभ सैनी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दोस्त दीपेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे बीपीएस स्कूल के पास हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऋषभ सैनी पुत्र संजय सैनी अपने मित्र दीपेश के साथ रोजाना की तरह बाइक से जिम जा रहे थे। दोनों पिलानी थाने के पास स्थित अपने घर से निकले थे।प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बीपीएस स्कूल के पास अचानक बाइक के सामने एक सांड आ गया, जिससे हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी अज्ञात वाहन की टक्कर तो हादसे का कारण नहीं बनी।हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी।
पिलानी थाना पुलिस दोनों घायलों को तत्काल बिरला सार्वजनिक अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने जांच के बाद ऋषभ सैनी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल दीपेश के कंधे में चोट होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए झुंझुनूं रेफर किया गया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंच गए। एक होनहार छात्र की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे पिलानी क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हाल के दिनों में क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। पिलानी से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






