कोचिंग संस्थान के बाहर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मामला
झुंझुनूं जिले के पिलानी में सोमवार शाम एक ही गोत्र में हुए प्रेम विवाह को लेकर तनावपूर्ण माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग कई वाहनों में सवार होकर त्रिवेणी प्याऊ क्षेत्र स्थित एक कोचिंग संस्थान के बाहर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद सूचना मिलते ही पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार चिड़ावा क्षेत्र के ओजटू गांव निवासी एक युवक और मंड्रेला क्षेत्र के बजावा गांव निवासी एक युवती ने कुछ दिन पहले प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही गोत्र से संबंध रखते हैं।
एक ही गोत्र में विवाह की जानकारी सामने आने के बाद समाज के कुछ लोगों ने नाराजगी जताई। बताया गया कि इस मामले को लेकर ओजटू गांव में समाज की बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया गया। समाज के कुछ लोगों का आरोप है कि युवक पक्ष के परिजन बैठक में शामिल नहीं हुए, जिससे विवाद और बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि समाज के लोगों को जानकारी मिली कि प्रेम विवाह के दस्तावेजों में पिलानी निवासी एक युवक के गवाह के रूप में हस्ताक्षर हैं, जो वहां एक कोचिंग संस्थान का संचालन करते हैं। इसी जानकारी के बाद सोमवार शाम लोग संबंधित कोचिंग संस्थान के बाहर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ कोचिंग संचालक से बातचीत करना चाहती थी।
माहौल तनावपूर्ण होने पर कोचिंग संचालक स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए एक कमरे में चला गया। घटना की सूचना मिलने पर पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को बिगड़ने से पहले नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने कोचिंग संचालक और समाज के प्रतिनिधियों को थाने ले जाकर बातचीत कराई। पिलानी थानाधिकारी अलका बिश्नोई ने बताया कि गांव से आए लोग कोचिंग संचालक के पास अपनी नाराजगी व्यक्त करने पहुंचे थे। पुलिस ने सभी पक्षों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद सभी लोग वापस लौट गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ प्रतिनिधि इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए मंड्रेला थाने भी रवाना हुए हैं। पिलानी से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






