सुबह 7 बजे शुरू हुई कार्रवाई, देर रात तक चली जांच
चूरू जिले के राजलदेसर कस्बे में शुक्रवार को जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुभाष चौक स्थित एक किराना प्रतिष्ठान और उसके गोदामों पर छापेमारी की। बीकानेर ग्रामीण जोन की टीम ने सुबह से देर रात तक रिकॉर्ड और स्टॉक की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान स्टॉक में कथित विसंगतियां और बिना हिसाब-किताब का माल मिलने पर संबंधित फर्म से 28.5 लाख रुपये टैक्स और जुर्माना जमा कराया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी तैनात रही।
सुबह 7 बजे शुरू हुई कार्रवाई, देर रात तक चली जांच
जीएसटी विभाग के बीकानेर ग्रामीण जोन के अधिकारी संजय सोनी के नेतृत्व में टीम सुबह करीब 7 बजे स्थानीय श्री कृष्णा जनरल स्टोर पहुंची। इसके बाद फर्म के मालिक राजकुमार कलवाणिया की दुकान और संबंधित गोदामों को जांच के दायरे में लेकर स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान किया गया।
जांच दिनभर चलती रही और देर रात तक पूरी की गई।
ऑनलाइन भुगतान में तकनीकी दिक्कत से बढ़ा समय
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, देर रात ऑनलाइन भुगतान प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी (ग्लिच) आने से राशि जमा कराने की प्रक्रिया में कुछ समय लगा। इसके कारण टीम को कार्रवाई पूरी होने तक मौके पर ही रुकना पड़ा।
स्टॉक में विसंगति मिलने पर वसूला टैक्स और जुर्माना
जीएसटी अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि जांच के दौरान स्टॉक में विसंगतियां और अनअकाउंटेड (बिना हिसाब-किताब का) माल पाया गया। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्म से 28.5 लाख रुपये टैक्स एवं जुर्माना जमा करवाया।
राशि जमा होने के बाद कार्रवाई पूरी कर टीम बीकानेर के लिए रवाना हो गई।
टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
इस कार्रवाई में जीएसटी अधीक्षक समीर माथुर, निरीक्षक जगदीश नेहरा, निरीक्षक अभिषेक यादव, लिपिक यश तथा सूर्य प्रकाश सहित विभाग की टीम शामिल रही।
जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में पूरे दिन चर्चा और हलचल बनी रही।






