चूरू पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने यमुना जल समझौते को शेखावाटी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। गुरुवार को चूरू भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि “बड़बोले बयान तो नहीं दूंगा, लेकिन अब डोटासरा जी के लक्ष्मणगढ़ को पानी हम पिलाएंगे।”

उन्होंने कहा कि यमुना जल परियोजना से चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिले को बड़ा लाभ मिलेगा तथा इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कलश यात्रा निकाली जाएगी।

शेखावाटी को मिलेगा 1917 क्यूसेक पानी

राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि 29 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राजस्थान और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के बीच एमओए (MoA) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इसके तहत दोनों राज्य मिलकर राजस्थान-हरियाणा जल परियोजना को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना के माध्यम से शेखावाटी के चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों को 1917 क्यूसेक पानी उपलब्ध होगा।

295 किलोमीटर पाइपलाइन से पहुंचेगा पानी

राठौड़ ने बताया कि करीब 34,102 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की डीपीआर पर कार्य शुरू हो चुका है। इसी वर्ष भूमि अधिग्रहण और टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा से करीब 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से यमुना का पानी चूरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र के हांसियावास तक लाया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रेस वार्ता के दौरान राठौड़ ने कहा कि यमुना जल मुद्दे पर वर्षों तक राजनीति होती रही है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब “जलेबी बनाने की कला बंद कर देनी चाहिए।” उन्होंने कांग्रेस से यमुना जल समझौते पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखने की भी मांग की।

अन्य नेताओं ने भी किया स्वागत

कार्यक्रम में विधायक हरलाल सहारण ने यमुना जल समझौते को किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं रतनगढ़ के पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि ने भी इस समझौते का स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, डॉ. वासुदेव चावला, अभिषेक चोटिया, सुशील लाटा, चंद्राराम गुरी, सुरेश सारस्वत और भास्कर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी रवि दाधीच ने किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...