परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना क्षेत्र के घंडावा गांव में 45 वर्षीय दोदराम कोठारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, दोदराम कोठारी पुत्र पोकरमल कोठारी रविवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह उनका शव गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित जाव में पड़ा मिला।
शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के चेहरे, पेट और पैरों पर चोटों के निशान पाए गए। घटनास्थल मृतक के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर बताया गया है।चोटों के निशान मिलने के बाद मामले ने संदिग्ध मौत का रूप ले लिया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई रामेश्वर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि दोदराम खेतों में मजदूरी का कार्य करते थे। रविवार सुबह घर से निकलने के बाद उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना मिली।परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। हालांकि, परिवार ने किसी व्यक्ति विशेष पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिलानी से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






