3 दिन में दर्जनभर वाहनों के टायर फटने का दावा, आश्वासन के बाद खुला रास्ता

रतनगढ़-सरदारशहर मेगा हाईवे पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के विरोध में शनिवार को वाहन चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। पिछले तीन दिनों में एक दर्जन से अधिक वाहनों के टायर फटने और लगातार हो रही परेशानियों से नाराज चालकों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।

जाम के चलते हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

गड्ढों से हादसों का खतरा

प्रदर्शन कर रहे वाहन चालकों का कहना था कि टोल टैक्स चुकाने के बावजूद उन्हें जर्जर और खतरनाक सड़क पर सफर करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण लगातार वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।

अधिकारियों से वार्ता के बाद खुला जाम

सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता रामवीर सिंह राईका मौके पर पहुंचे और पुलिस व टोल अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है और इसकी तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए।

टोल प्रशासन द्वारा जल्द गड्ढे भरने का आश्वासन दिए जाने और समझाइश के बाद वाहन चालक शांत हुए। इसके बाद करीब 45 मिनट बाद जाम समाप्त कराया गया और पुलिस ने यातायात सुचारू करवाया।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


रतनगढ़ से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...