आईटीबीपी में हवलदार रह चुका आरोपी किराए की गाड़ी से भागने की फिराक में था

सीकर। युवती के अपहरण और रेप के मामले में सीकर पुलिस ने आरोपी को चिड़ावा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किराए की गाड़ी में बैठकर फरार होने की फिराक में था, इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आईटीबीपी में हवलदार के पद पर रह चुका है। कई महीनों तक ड्यूटी पर नहीं जाने के कारण फोर्स की ओर से उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।युवती के परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी 25 सितंबर को लापता हो गई थी। इसके बाद 28 सितंबर को युवती ने एक फोटो भेजकर बताया कि एक युवक ने उसका अपहरण कर लिया है।

मामला सामने आने के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने युवती को दस्तयाब कर लिया। पुलिस के अनुसार उस समय आरोपी युवती को छोड़कर फरार हो गया था।पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए। युवती ने बताया कि गांव से सीकर आने के दौरान आरोपी ने उसका अपहरण कर लिया था। उसके अनुसार आरोपी उसे अपने साथ 2-3 स्थानों पर ले गया और वहां उसके साथ रेप किया।

पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।आरोपी का पीछा करते हुए पुलिस टीम चिड़ावा पहुंची। पुलिस के अनुसार आरोपी वहां किराए की गाड़ी में बैठा मिला और फरार होने की तैयारी में था। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कुछ वर्षों से युवती को जानता था। पहले दोनों के बीच बातचीत भी होती थी। युवती की ओर से बातचीत बंद किए जाने के बाद भी आरोपी कथित तौर पर उसे परेशान कर रहा था।
पुलिस के अनुसार युवती जब सीकर आने के लिए निकली तो आरोपी ने उसका पीछा किया और कथित तौर पर उसका अपहरण कर अपने साथ ले गया। इसके बाद युवती के साथ रेप किए जाने का आरोप है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...