मिल्क टैंकर से टक्कर में दो महिलाओं की मौत, तीन बच्चों समेत पांच गंभीर
झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नीमड़ी बस स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां वेगनआर कार और मिल्क टैंकर की आमने-सामने की टक्कर में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।हादसे में घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए चिड़ावा अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने इनमें से तीन बच्चों सहित पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें झुंझुनूं के लिए रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल हरियाणा के नूंह (मेवात) क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।सूचना मिलने पर सिंघाना थाना प्रभारी (सीआई) सुगन सिंह तथा गाड़ाखेड़ा चौकी प्रभारी हरिराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शेखावाटी लाइव के लिए सिंघाना से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






