78 वर्षीय वृद्धा की हत्या-लूट का 5 दिन में खुलासा
चूरू जिले के सुजानगढ़ कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित गणपति निवास में अकेली रह रही 78 वर्षीय वृद्धा पुखराज चौरड़िया उर्फ सुधा की हत्या और जेवरात लूट के मामले का पुलिस ने पांच दिन में खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी दीपक कुमार वाल्मीकि (33), निवासी इंदिरा कॉलोनी, चूरू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था और कर्ज से परेशान था।
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि वृद्धा अपने घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और एमओबी टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान सामने आया कि वृद्धा की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी और उनके शरीर से जेवरात गायब थे।परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
व्यस्त बाजार और बैंक क्षेत्र में हुई वारदात के कारण आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। पुलिस टीमों ने सुजानगढ़ कस्बे में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।इस दौरान करीब 2000 लोगों की आवाजाही का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने मोबाइल टावर के बीटीएस डेटा, 50 से अधिक मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और स्थानीय व्यापारियों से मिले इनपुट को भी जांच में शामिल किया।
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका के मकान में किराए पर संचालित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में वर्ष 2021 से सफाईकर्मी के तौर पर काम कर रहे दीपक कुमार पर गया।पुलिस के अनुसार बैंक में काम करने के कारण आरोपी की वृद्धा से अच्छी जान-पहचान थी। उसे घर की गतिविधियों के बारे में जानकारी थी। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी भारी कर्ज से परेशान था और उसने कर्ज चुकाने के लिए वारदात की योजना बनाई थी।
आरोपी ने कथित तौर पर वारदात से तीन-चार दिन पहले लूट की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार वारदात वाले दिन वह वृद्धा के घर में घुसा और रसोई में रखे चाकू से उनकी हत्या कर जेवरात लेकर फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब लूटे गए जेवरात की बरामदगी के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस ब्लाइंड मर्डर के त्वरित खुलासे में साइबर सेल और सुजानगढ़ थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।






