सुलताना में खेत में मिला दो दिन से लापता अधेड़ का शव, पुलिस जांच में जुटी
झुंझुनू जिले के चिड़ावा निकटवर्ती सुलताना कस्बे में सोमवार को एक खेत में अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामस्वरूप पुत्र भानाराम, निवासी वार्ड संख्या 4, सुलताना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामस्वरूप शनिवार को बिना किसी को बताए घर से निकल गया था और तब से लापता था।सोमवार को घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित एक खेत में काम कर रहे किसान की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत सुलताना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सुलताना थाने से एएसआई बनवारी लाल, कांस्टेबल सुनील और चालक अर्जुन लाल शव को चिड़ावा उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी का कार्य करता था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृत्यु के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






