सूरजगढ़ के अगवाना खुर्द गांव की घटना, मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम
झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में एक महिला का शव घर में रखे बंद संदूक से मिलने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लिया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण फौगाट की पत्नी सिलोचना फौगाट (37) का शव घर में रखे एक बंद संदूक से बरामद हुआ।जानकारी के अनुसार, कृष्ण फौगाट ने गांव के एक व्यक्ति को कथित रूप से बताया कि मैने मेरी पत्नी को शनिवार को मार दिया था जिसे संदूक में डाल रखा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कृष्ण फौगाट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।घटना की सूचना पर चिड़ावा डीवाईएसपी विकास धिंधवाल तथा सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।इसके बाद बंद संदूक से महिला के शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया और सूरजगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सूरजगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






