पूर्व चेयरमैन पर जान से मारने की धमकी का आरोप, CCTV पुलिस को सौंपा
झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे में गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान हंगामा करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पूर्व चेयरमैन समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर 20 निवासी राजेन्द्र प्रसाद सैनी ने सूरजगढ़ थानाधिकारी को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपना पुराना मकान तोड़कर नया मकान बनवाया है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से पड़ोसी संजय शर्मा और उनके परिवार के साथ विवाद चल रहा है तथा पिछले छह माह से उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।शिकायत के अनुसार, गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान जब रिश्तेदार घर पर मौजूद थे, तब संजय शर्मा की पत्नी और उनकी तीनों बेटियां कथित रूप से डंडे लेकर घर के बाहर पहुंचीं और परिवार के सदस्यों एवं मेहमानों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद पूर्व चेयरमैन सुरेश शर्मा और रोनक पिपलीवाल भी मौके पर पहुंचे। रोनक ने उन्हें बाहर बुलाया, लेकिन उन्होंने बाहर जाने से इनकार कर दिया।पीड़ित के अनुसार, उनके बेटे ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। शिकायत में आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में पूर्व चेयरमैन सुरेश शर्मा ने कथित रूप से कहा कि उनके पास हथियार है और वे गोली मारकर जान से खत्म कर देंगे।राजेन्द्र प्रसाद सैनी का कहना है कि पूरा घटनाक्रम उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। उन्होंने फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराते हुए पूर्व चेयरमैन सुरेश शर्मा, प्रवीण उर्फ लाला, रोनक पिपलीवाल, संजय शर्मा, उनकी पत्नी और उनकी तीनों बेटियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।






