सूरजगढ़ के काकोड़ा रोड पर पानी भरते समय बाइक सवार से हुआ विवाद
झुंझुनू जिले में सूरजगढ़ कस्बे के काकोड़ा रोड स्थित वार्ड नंबर 6 में शनिवार देर रात पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। बाद में विवाद मारपीट में बदल गया।जानकारी के अनुसार, कुछ युवक देर रात पानी भर रहे थे।
इसी दौरान बाइक पर वहां से गुजर रहे एक अज्ञात व्यक्ति से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया।घायल युवकों का आरोप है कि बाइक सवार ने उनके साथ गाली-गलौच की और इसके बाद वहां से चला गया।घायल युवकों के अनुसार, कुछ देर बाद वही बाइक सवार व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ वापस आया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में पांच युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।सूचना मिलने पर जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और समिति की एंबुलेंस से सभी घायलों को सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।घायलों की पहचान संजय (34), शिवम (21), अखिलेश (20), इंद्र सिंह (27) और अनुराग (17) के रूप में हुई है। घायलों में एक नाबालिग भी शामिल है।सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
इंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल झुंझुनूं रेफर किया गया।अन्य घायलों का सूरजगढ़ अस्पताल में उपचार किया गया।घटना की सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल राजवीर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की।हालांकि, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में घटना को लेकर अभी कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
