GPS भी नहीं रोक पाया ट्रोला चोरी, काकोड़ा पहुंचते ही चोरों ने काट दिया दूसरा ट्रैकर
झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ रोड बाइपास स्थित एक सीमेंट ब्लॉक निर्माण फैक्ट्री से लाखों रुपये कीमत का ट्रोला चोरी होने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। चोरी की सूचना मिलने के बाद सूरजगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त बाबा ट्रेडिंग कंपनी के कारखाने में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाश दाखिल हुए। उस समय फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश ट्रोला चोरी कर मौके से फरार हो गए।कारखाना मालिक शैलेंद्र मान ने घटना की रिपोर्ट सूरजगढ़ थाने में दर्ज कराई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए सबसे पहले परिसर में लगी रोशनी पर कपड़ा डालकर अंधेरा कर दिया।
इसके बाद ट्रोले का बैक लाइट इंडिकेटर, सुरक्षा सायरन और मुख्य जीपीएस ट्रैकर निकाल दिया।सुरक्षा उपकरण निष्क्रिय करने के बाद बदमाश ट्रोले को फैक्ट्री की बाड़ तोड़कर कच्चे रास्ते से बाहर ले गए।शनिवार सुबह मजदूरों को ट्रोला गायब मिला, जिसके बाद मालिक को सूचना दी गई। जांच के दौरान पता चला कि वाहन में एक अतिरिक्त जीपीएस ट्रैकर भी लगा हुआ था।
कारखाना मालिक ने उस ट्रैकर के जरिए वाहन की लोकेशन देखी, जो सेही रोड होते हुए काकोड़ा तक दिखाई दी। इसके बाद बदमाशों ने दूसरे जीपीएस ट्रैकर का भी संपर्क काट दिया, जिससे वाहन की आगे की लोकेशन नहीं मिल सकी।घटना के बाद सूरजगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न तकनीकी और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।






